परमात्मा शिव के दिव्य अवतरण का यादगार पर्व है - महाशिवरात्रि


- परमात्मा शिव के दिव्य अवतरण का यादगार पर्व है - महाशिवरात्रि

- बड़े धूमधाम से मनाया शिव जयंती महोत्सव

- ब्रह्माकुमारीज़ के ओम शान्ति रिट्रीट सेंटर में हुआ शिव ध्वजारोहण

- कार्यक्रम में काफी संख्या में संस्था के सदस्यों सहित अनेक लोग हुए सम्मिलित


गुरुग्राम, 26 फरवरी 2025

ब्रह्माकुमारीज़ के ओम शान्ति रिट्रीट सेंटर में शिव जयंती महोत्सव कार्यक्रम बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में सभी ने शिव ध्वज फहराकर एक दूसरे को शुभ कामनाएं दी। राजयोगिनी विजय दीदी द्वारा सबको कमजोरियों से मुक्त होने की प्रतिज्ञा कराई गई। ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी आशा दीदी ने महाशिवरात्रि महोत्सव के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिव जयंती अथवा महाशिवरात्रि का पर्व वास्तव में अज्ञानता का विनाश एवं ज्ञान प्रकाश फैलाने का पर्व है।

उन्होंने कहा कि शास्त्रों में इस संदर्भ में अनेक लोक गाथाएं प्रचलित हैं। शिव पार्वती के विवाह के बारे में उन्होंने कहा कि इसका वास्तविक भाव आत्मा और परमात्मा के मिलन से है। समुद्र मंथन की कहानी हमें विषय सागर अर्थात संसार में फैले 5 विकारों का बोध कराती है। परमात्मा शिव जब धरा पर अवतरित होते हैं तो हमें विकारों रूपी विष से मुक्त करते हैं। परमात्मा द्वारा कराया गया अमृत पान, ज्ञान अमृत का सूचक है। परमात्मा द्वारा दिए ज्ञान के द्वारा ही हम अपने सत्य स्वरूप को जानते हैं। उन्होंने कहा कि परमात्मा शिव कलियुगी अज्ञान अंधकार रूपी रात्रि में आकर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। इसी यादगार रूप में हर वर्ष हम महाशिवरात्रि का पर्व मनाते हैं। इससे पूर्व परमात्मा शिव को भोग स्वीकार कराया गया। परमात्मा के दिव्य अवतरण दिवस की यादगार में जन्म दिवस का केक भी काटा गया।


- सप्ताह भर से निकाली जा रही हैं भव्य झांकियां

इस अवसर पर ओम शान्ति रिट्रीट सेंटर द्वारा सप्ताह भर से अनेक झांकी यात्रा निकाली गई। अनेक गांवों से होते हुए झांकियों के माध्यम से लोगों को ईश्वरीय ज्ञान एवं योग की जानकारी दी गई। झांकियों में विशेष रूप से श्रीराम, महादेव शंकर एवं श्रीकृष्ण को चैतन्य मूर्तियों के रूप में सज़ाकर शिव का पूजन करते हुए दर्शाया गया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सबसे तेजी से पैसे कमाने के कुछ तरीके जानें

स्वदेशी बनाम विदेशी और भारतीय आर्थिक एवं कृषि आत्मनिर्भरता

शिव ध्वज फहराकर सबने की बुराइयों से मुक्त होने की प्रतिज्ञा